छत्तीसगढ़- तहसीलदारों की हड़ताल खत्म, कल से काम पर लौटेंगे:संघ बोला- कार्रवाई-सुरक्षा का मिला आश्वासन, BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग

छत्तीसगढ़ में 500 से ज्यादा तहसीलदार आज हड़ताल पर रहे। राजस्व कामकाज बंद कर अधिकारियों ने सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप है कि MLA ने सरगुजा जिले के नायब तहसीलदार तुषार मानिक की पिटाई की थी।
इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज प्रदेशभर के तहसीलदार राजधानी रायपुर पहुंचे। हड़ताल के कारण राज्य की अधिकांश तहसीलों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। लोग राजस्व कामकाज के लिए भटकते दिखाई दिए।
इस पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सवाल उठाते हुए सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया है। वहीं, वकीलों ने हड़ताल का विरोध किया। पटवारी संघ ने समर्थन दिया है। बीजेपी ने जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की बात कही।
दोपहर को सीतापुर में नायब तहसीलदार से मारपीट के मामले में शामिल विधायक समर्थक 2 युवकों ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, दोनों युवकों को मुचलके पर छोड़ दिया गया है।
इसके बाद प्रशासनिक सेवा संघ ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। संघ ने बताया कि शासन ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, अधिकारियों की सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों के समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदेशभर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यपालिक दंडाधिकारी 4 जून से अपने नियमित काम पर लौटेंगे।
MLA टोप्पो ने खुद गिरफ्तारी देने की कही थी बात
बता दें कि इससे पहले 30 मई को कनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संघ ने हड़ताल की थी। तब विधायक ने खुद गिरफ्तारी देने की बात कही थी। हालांकि अब तक कार्रवाई नहीं होने पर आज फिर प्रदर्शन किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
विधायक रामकुमार टोप्पो का आरोप है कि, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने उनकी चचेरी बहन से अभद्रता की थी। तुषार मानिक का आरोप है कि, बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगाते हुए विधायक और उनके समर्थकों ने उनकी पिटाई की थी।
बाद में दोनों पक्षों की शिकायत के बाद काउंटर FIR हुई थी। इसी के बाद राज्य के सभी तहसीलदार एकजुट हुए और कामकाज बंद कर विधायक पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ विधायक समर्थकों ने भी नायब तहसील को हटाने की मांग की है।
कांग्रेस बोली- सरकार विधायक को बचा रही
हड़ताल पर सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि 7 दिन बाद भी FIR के बावजूद विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई। हड़ताल से आम जनता परेशान है। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने एक्स पर ट्वीट कर सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया।











