Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना

Chhattisgarh Weather।रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के बाद मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके कारण अगले चार दिनों तक राज्य के उत्तरी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
आज, रविवार को मौसम विभाग ने बिलासपुर, दुर्ग, बलरामपुर, जशपुर और रायगढ़ सहित उत्तरी संभाग के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
यहां का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 अगस्त, 2025 के आसपास ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है।
इसके प्रभाव से 27-28 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ एक स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की भी संभावना है।
राज्य में 1 जून से अब तक औसतन 797.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1173.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि बेमेतरा जिले में सबसे कम 402.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
रायपुर संभाग: रायपुर (692.7 मिमी), बलौदाबाजार (602.9 मिमी), गरियाबंद (690.6 मिमी), महासमुंद (623.2 मिमी), और धमतरी (711.7 मिमी)।
बिलासपुर संभाग: बिलासपुर (810.3 मिमी), मुंगेली (796.7 मिमी), रायगढ़ (958.8 मिमी), जांजगीर-चांपा (1005.0 मिमी), और कोरबा (794.9 मिमी)।
दुर्ग संभाग: दुर्ग (652.5 मिमी), राजनांदगांव (748.2 मिमी), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (1031.2 मिमी), और बालोद (877.0 मिमी)।
सरगुजा संभाग: सूरजपुर (885.9 मिमी), जशपुर (807.1 मिमी), कोरिया (891.9 मिमी), और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (796.0 मिमी)।
बस्तर संभाग: बस्तर (1017.7 मिमी), कांकेर (929.1 मिमी), नारायणपुर (939.2 मिमी), दंतेवाड़ा (933.2 मिमी), और बीजापुर (1012.7 मिमी)।











