40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी करेगा छत्तीसगढ़, तैयारियां शुरू

रायपुर। लंबे इंतजार और प्रयासों के बाद छत्तीसगढ़ को पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने जा रही है। राज्य में राष्ट्रीय खेलों के 40वें सत्र का आयोजन होगा। इसे लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शनिवार को छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की बैठक हुई। बैठक में 40वें नेशनल गेम्स के आयोजन की तैयारियां जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। सरकार का फोकस खेलों के साथ-साथ प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर दिलाने पर भी है।
करीब 100 करोड़ की ‘उत्कृष्ट मिशन योजना’
खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए राज्य सरकार ने ‘उत्कृष्ट मिशन योजना’ शुरू की है। करीब 100 करोड़ रुपए की इस योजना के तहत प्रदेशभर में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने की योजना है।
सरकार का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, जरूरी संसाधन और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
CMO से अधिकारी की नियुक्ति
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के कामकाज में सहयोग और आयोजन की तैयारियों में बेहतर समन्वय के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से एक अधिकारी की नियुक्ति भी की गई है।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष और मंत्री केदार कश्यप समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पहले भी मिल चुकी थी मेजबानी, लेकिन नहीं हो पाया आयोजन
छत्तीसगढ़ को इससे पहले भी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का मौका मिल चुका है। साल 2010 में भारतीय ओलंपिक संघ ने 37वें नेशनल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी थी।
इसके बाद राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों और खेल अधोसंरचना का जायजा लेने के लिए एक टीम ने प्रदेश का दौरा किया था। रिपोर्ट में तैयारियों को अधूरा बताया गया था। इसके बाद 39वें नेशनल गेम्स की मेजबानी गुजरात को दी गई।
अब 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी का मौका मिलने के बाद राज्य सरकार आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गई है। इसके साथ ही प्रदेश में खेल सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।










