यूपीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं की उड़ान, मिल रही बधाइयां

रायपुर: संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार को जारी किया गया. इस परीक्षा में 958 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. अनुज अग्निहोत्री ने सिविल सर्विसेज़ एग्जाम 2025 में टॉप किया है. राजेश्वरी सुवे एम और आकांश ढुल ने क्रम से दूसरा और तीसरा रैंक हासिल किया है. छत्तीसगढ़ से भी युवाओं ने यूपीएससी परीक्षा में कामयाबी हासिल की है. रौनक अग्रवाल, संजय डहरिया, दर्शना सिंह एवं डायमंड सिंह ध्रुव ने सफलता हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है.
छत्तीसगढ़ से जिन विद्यार्थियों ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की है. उनमें रौनक अग्रवाल, संजय डहरिया, दर्शना सिंह एवं डायमंड सिंह ध्रुव है. रायपुर के रौनक अग्रवाल ने 772वां रैंक और संजय डहरिया ने 946वां स्थान हासिल किया है. इनके अलावा एमसीबी जिले की भाजपा पार्षद की बेटी दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक हासिल की है. धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव को 623वां रैंक मिला है. इन युवाओं ने साबित कर दिया है कि मेहनत के दम पर किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है.
सफल युवाओं को मिल रही बधाइयां
यूपीएससी परीक्षा में सफल युवाओं को लगातार बधाइयां मिल रही है. छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने विद्यार्थियों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यूपीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थी लगातार सफल हो रहे हैं. देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में भी छत्तीसगढ़ के युवा चयनित होकर देश में प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं. यह परीक्षा कठोर परिश्रम, एकाग्रता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं नियमित अध्ययन से ही संभव है. मैं यूपीएससी में चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं











