विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुरुआत

रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा राजधानी रायपुर स्थित राजीव स्मृति वन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। “प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वन मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आयोजित इस आयोजन में वन विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से हरित भविष्य का संदेश दिया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की होगी शुरुआत
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वन मंत्री केदार कश्यप संयुक्त रूप से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत नागरिकों को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जनभागीदारी से बढ़ेगा हरित आवरण
वन विभाग का मानना है कि जनसहभागिता के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को नई गति मिलेगी। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना भी है। इससे प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।











