कोरबा : शॉर्ट सर्किट से धधका कोयला लदा ट्रेलर, चालक ने कूदकर बचाई जान

कोरबा: शहर के सीएसईबी चौकी अंतर्गत अशोक वाटिका स्टेडियम रोड पर रविवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। कोयले से लदे एक ट्रेलर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे वाहन कुछ ही पलों में आग के गोले में तब्दील हो गया.जलते हुए कोयले और उठती लपटों के कारण पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया और राहगीरों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोयला लदा ट्रेलर स्टेडियम रोड किनारे से गुजर रहा था, तभी केबिन के पास से धुआं उठना शुरू हुआ.देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी और उसमें लदे कोयले को अपनी चपेट में ले लिया.स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई.गनीमत रही कि समय रहते वह सुरक्षित बाहर निकल आया और एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार फायर ब्रिगेड काफी देर से मौके पर पहुंच बाद में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की.देरी को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों ने नाराजगी जताई है.बताया जा रहा है कि यह ट्रेलर टी ट्रांसपोर्ट कंपनी का है, जिसका वाहन क्रमांक CG12BJ0643 है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.