कलेक्टर ने सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण किया, PMGSY कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश

राजनांदगांव के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कलेक्टर जितेंद्र यादव ने शुक्रवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मासूम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पटेवा से पेंड्री तक बन रही सड़क का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सड़क के काम की प्रगति देखी और खुद इंची टेप से सड़क की मोटाई मापकर गुणवत्ता की जांच की।

कलेक्टर ने साफ कहा कि विकास कामों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की PMGSY की बन रही सड़कों को बारिश शुरू होने से पहले पूरा किया जाए।

कलेक्टर ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता जोर दिया

उन्होंने गुणवत्ता मानकों पर जोर देते हुए कहा कि लेयरिंग, डामरीकरण और निर्माण सामग्री का तकनीकी परीक्षण नियमित रूप से हो। सड़क के किनारों को मजबूत बनाया जाए ताकि सड़क ज्यादा समय तक टिक सके। साथ ही, निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग और राहगीरों की सुविधा के लिए साफ-सुथरे साइनेज बोर्ड लगाए जाएं।

कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता और अन्य तकनीकी अधिकारियों को फील्ड में रहकर काम का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर बोले- किसी भी तरह की लापरवाही मंजूर नहीं

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीणों के जीवन को सुगम बनाने की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।”

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि पटेवा-पेंड्री सड़क बनने से स्कूल, बाजार और अस्पतालों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जो विशेषकर मानसून के दौरान एक बड़ी चुनौती होती थी।

इस अवसर पर कलेक्टर ने किसानों को प्रधानमंत्री आशा योजना के लाभों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की 15 समितियों के माध्यम से दलहन और तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है।

उन्होंने किसानों को अपनी आय बढ़ाने के लिए दलहन-तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने और समय पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान PMGSY के कार्यपालन अभियंता पद्मसंभव मिश्रा, सहायक अभियंता सुशील सावरकर, उप अभियंता निधी दवे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

close
Virus-free.www.avast.com