कार से टक्कर, फिर लाठी-डंडों की बरसात—इटावा में सनसनीखेज वारदात

इटावा : जनपद के उसराहार थाना क्षेत्र में मामूली रुपए के विवाद ने रविवार को खौफनाक रूप ले लिया, जब दबंगों ने दो युवकों पर लोहे के एंगल, डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया.इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की बेरहमी साफ नजर आ रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर पहले कार से आए और उन्होंने बाइक सवार युवकों को टक्कर मारकर गिरा दिया.इसके बाद पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.वीडियो में एक युवक जमीन पर तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि हमलावर लगातार उस पर वार करते नजर आ रहे हैं.
बताया जा रहा है कि इस घटना की जड़ में रुपयों का पुराना विवाद है.करीब तीन दिन पहले दोनों पक्षों के बीच थाने में समझौते का प्रयास भी हुआ था, लेकिन आपसी रंजिश खत्म नहीं हुई। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए पीजीआई सैफई रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.











