सहारनपुर में शिया समुदाय का शोक प्रदर्शन, पुलिस की सतर्कता से हालात शांत, जानिए पूरा मामला

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शिया समुदाय ने अपने रहबर माने जाने वाले अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की वफात की खबर पर गहरा शोक जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
आपको बता दें यह जुलूस शिया मस्जिद से शुरू होकर चौकी सराय होते हुए कोतवाली नगर की ओर बढ़ा. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल रहीं. कई महिलाएं रोते-बिलखते हुए अपने गम का इज़हार करती नजर आईं. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारे लगाए और अपनी नाराज़गी प्रकट की. हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जुलूस को आधे रास्ते से ही रोककर शांतिपूर्वक वापस करा दिया गया.
पूरे प्रदर्शन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी गई. प्रशासन की सतर्कता के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण बना रहा. मौके पर मौजूद प्रबंधक दानिश अबदी ने बताया कि यह प्रोटेस्ट उनके रहबर और दुनिया के बड़े आलिम के शोक में निकाला गया है.
उन्होंने कहा कि शिया समुदाय में गहरे गम का माहौल है और लोग इसे अपने घर का दुख मान रहे हैं. “यह ऐसा दुख है जैसे हर घर में मातम छा गया हो. हमारे रहबर की लड़ाई इंसानियत के लिए थी, न कि किसी एक समुदाय के लिए,” उन्होंने कहा.
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल शोक व्यक्त करना था. उन्होंने प्रशासन के निर्देशों का पालन किया, जिससे किसी भी तरह की हिंसा या टकराव की स्थिति नहीं बनी और जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.