CGMSC पर कांग्रेस का हमला: नकली और घटिया दवाओं की सप्लाई का आरोप, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) द्वारा खरीदी एवं सप्लाई की जा रही कथित अमानक, नकली और निम्न गुणवत्ता वाली दवाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
दवाओं की गुणवत्ता पर उठे सवाल
पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कहा कि पिछले कई महीनों से सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही दवाओं की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन स्वयं समय-समय पर सर्कुलर जारी कर ड्रग टेस्टिंग लैब की रिपोर्ट के आधार पर कई दवाओं को अमानक और निम्न गुणवत्ता वाला बताते हुए वापस मंगाता रहा है।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने भी जताई चिंता
कांग्रेस का दावा है कि मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ ने भी कई बार दवाओं और इंजेक्शनों के विपरीत प्रभावों को लेकर चिंता जताई थी। बावजूद इसके संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
जरूरी दवाओं और मेडिकल सामग्री की कमी
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और मेडिकल सामग्री की कमी का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार कई अस्पतालों में IV Fluids, Normal Saline (NS), DNS और RL जैसी जरूरी सलाइन लंबे समय से उपलब्ध नहीं हैं।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और सिकल सेल मरीजों को दी जाने वाली फोलिक एसिड की गोलियों की सप्लाई प्रभावित बताई गई है। वहीं सिकल सेल जांच के लिए आवश्यक किट की कमी और ब्लड प्रेशर की दवा एनालाप्रिल की शॉर्ट एक्सपायरी वाली खेप उपलब्ध होने का भी आरोप लगाया गया।
स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों में मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन द्वारा की गई दवा खरीदी और सप्लाई की विस्तृत जांच कराई जानी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
लोकभवन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विकास उपाध्याय के साथ प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, पूर्व पार्षद मनोज कंदोई, डॉ. नरेंद्र भुवाल, संदीप तिवारी, वेद प्रकाश कुशवाहा और श्रीनाथ भोगल सहित अन्य नेता शामिल रहे।











