राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मनेंद्रगढ़ में निकाला मशाल जुलूस

मनेन्द्रगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम मशाल जुलूस निकाला। यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ कथित मारपीट और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में निकले जुलूस में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जुलूस दीनदयाल चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचा।

सरकार के खिलाफ नारेबाजी, कार्रवाई की मांग

हाथों में मशाल लेकर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

‘छात्रों की आवाज दबाना लोकतंत्र के खिलाफ’

भगत सिंह चौक पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका आरोप था कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के साथ कथित मारपीट उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।

शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेताओं ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। नेताओं ने छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com