स्कूल में नशीली दवा मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठी मांग

दुर्ग के चंद्रशेखर आजाद स्कूल में कथित रूप से स्कूली बच्चों के नशीली दवा के सेवन से बीमार होने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में रैली निकालकर कोतवाली थाना का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एसपी के नाम सीएसपी हर्षित मेहर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से रैली निकालकर कोतवाली थाना पहुंचे और शहर में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो बच्चों और युवाओं का भविष्य गंभीर संकट में पड़ सकता है।

ज्ञापन में कांग्रेस ने बताया कि घटना में 6 से 8 विद्यार्थियों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है, जो बेहद चिंताजनक है। संगठन ने पीड़ित विद्यार्थियों के समुचित उपचार और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने सवाल उठाया कि आखिर नशीली दवा स्कूल परिसर तक कैसे पहुंची। उन्होंने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए कि यह मामला केवल एक स्कूल तक सीमित है या अन्य शिक्षण संस्थानों में भी ऐसा नेटवर्क सक्रिय है। उनके अनुसार यह घटना शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चुनौती है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में नशे और सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है और अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है। संगठन ने सभी स्कूलों और उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

साथ ही स्कूलों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को लेकर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com