कोंडागांव में कांग्रेस का नेशनल टैलेंट हंट पोस्टर लॉन्च:युवाओं को प्रवक्ता बनने का मौका, 21 से 25 नवंबर तक होगी आवेदनों की स्क्रीनिंग

कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने के उद्देश्य से ‘नेशनल टैलेंट हंट- कांग्रेस प्रवक्ता चयन अभियान’ का पोस्टर आज कोंडागांव कांग्रेस भवन में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोहन मरकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पोस्टर का विमोचन कर इस अभियान को युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर बताया। इस दौरान बस्तर संभाग के क्षेत्रीय प्रभारी जावेद खान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं कोंडागांव जिला कोऑर्डिनेटर शिल्पा देवांगन ने कार्यक्रम की रूपरेखा, आवेदन प्रक्रिया, टाइमलाइन और चयन के मापदंडों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पहल पर यह अभियान पूरे छत्तीसगढ़ में संचालित है, जिसका उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को सामने लाना है जो कांग्रेस की रीति-नीति और संविधान में गहरी आस्था रखते हैं
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में इस अभियान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। प्रतिभागियों के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे क्यूआर कोड स्कैन कर या लिंक पर क्लिक कर भरा जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन में संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के कोऑर्डिनेशन में एक प्रदेश स्तरीय समिति बनाई गई है, जो अभियान की संपूर्ण मॉनिटरिंग करेगी। 21 से 25 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी। चयनित प्रतिभागियों का 25 से 30 नवंबर तक रीजनल फिजिकल इंटरव्यू लिया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 दिसंबर तक फाइनल फिजिकल इंटरव्यू और पैनल डिस्कशन होंगे।










