चुनाव ड्यूटी पर आए आरक्षक की सड़क हादसे में मौत, परिवार ने जांच पर जताया शक

रीवा : शहर के चोरहटा थाना अंतर्गत धौचट क्षेत्र में गुरुवार सुबह 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में चित्रकूट में पदस्थ प्रधान आरक्षक की मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब आरक्षक अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे और सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने की कोशिश में ट्रक की चपेट में आ गए। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
मृतक पुलिस कर्मी की पहचान राजेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चित्रकूट में पदस्थ थे और वर्तमान में रीवा स्थित पीटीएस में चुनाव ड्यूटी पर आए हुए थे.राजेंद्र शुक्ला धौचट चौरमारी स्थित अपनी बहन के घर रुके हुए थे.गुरुवार सुबह करीब 5 बजे जब वे अपनी बाइक से पीटीएस के लिए निकले, तभी धौचट के पास सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया.उसे बचाने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से गुजर रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई.
गंभीर रूप से घायल आरक्षक को तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
हादसे के बाद मृतक के जीजा द्वारिका प्रसाद मिश्रा और अन्य परिजनों ने पुलिस पर जांच में लीपापोती करने का आरोप लगाया है.परिजनों का कहना है कि:
पुलिस हादसे को ‘खड़े ट्रक में टक्कर’ का रूप देने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चल रहा था.
घटनास्थल से ट्रक के पहिए निकालकर वहां पत्थर रख दिए गए हैं ताकि इसे खड़ा ट्रक साबित किया जा सके।
परिजनों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस अपने ही विभाग के साथी के साथ न्याय नहीं कर रही, तो आम जनता का क्या होगा.
फिलहाल चोरहटा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.











