मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ पर बढ़ा विवाद, रिलीज रोकने की मांग के साथ हाई कोर्ट पहुंचा मामला

मनोज बाजपेयी की आने वाली फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। फिल्म के शीर्षक को लेकर आपत्ति जताते हुए इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग के साथ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है। टीजर जारी होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फिल्म के नाम को लेकर विरोध देखने को मिल रहा है।
वकील विनीत जिंदल ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए कहा है कि फिल्म का शीर्षक ब्राह्मण समुदाय की गरिमा और प्रतिष्ठा के खिलाफ है और इसे अपमानजनक रूप में प्रस्तुत किया गया है। याचिका में मांग की गई है कि जब तक इस मामले पर फैसला नहीं हो जाता, तब तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई जाए।
हाल ही में एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने वर्ष 2026 के लिए अपने प्रोजेक्ट्स की सूची जारी की थी, जिसमें ‘घूसखोर पंडित’ का भी नाम शामिल था। इसके साथ ही एक छोटा टीजर वीडियो सामने आया, जिसमें मनोज बाजपेयी के किरदार की पहली झलक दिखाई गई। इसके बाद से ही फिल्म के नाम को लेकर विवाद शुरू हो गया।
टीजर के अनुसार, फिल्म में मनोज बाजपेयी दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर अजय दीक्षित की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे लोग पंडित के नाम से जानते हैं। उनके किरदार का ट्रैक रिकॉर्ड खराब दिखाया गया है, जिस पर भी कुछ वर्गों ने आपत्ति जताई है।
सोशल मीडिया पर कई लोग फिल्म का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं। वहीं, याचिका दायर होने के बाद यह मामला अब न्यायालय के विचाराधीन है और कोर्ट के फैसले पर आगे की स्थिति निर्भर करेगी।
फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ नुसरत भरूचा, कीकू शारदा, दिव्या दत्ता और साकिब सलीम जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसे इसी वर्ष रिलीज करने की योजना है।











