छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार पर शिकंजा: बलौदा बाजार से दो गांजा तस्कर गिरफ्तार

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिले में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत लवन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.204 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक जब्त की है। जब्त गांजा की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बाइक में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों को रोका।
पिट्ठू बैग की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ के बाद उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर से 10.204 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
बाइक और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए है।
आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम लखन वर्मा (25 वर्ष) और मुकेश कुमार ध्रुव (23 वर्ष) निवासी ग्राम छांछी, थाना कसडोल बताया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारीपुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।











