राजस्थान में इनामी बदमाश गिरफ्तार, एसपी ऋचा तोमर की सख्त चेतावनी; नशे के कारोबारियों को नहीं बख्शेगी पुलिस

डीडवाना-कुचामन: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस थाना पीलवा की टीम ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 1000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में चल रहे अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत जिलेभर में नशे के कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है.

पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के नेतृत्व में यह अभियान न केवल अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम पर केंद्रित है, बल्कि फरार और इनामी आरोपियों की धरपकड़ को भी प्राथमिकता दी जा रही है. इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचन्द खारिया और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में पीलवा थाना पुलिस ने सुनियोजित रणनीति और सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की.

इनामी बदमाश की गिरफ्तारी

पुलिस थाना परबतसर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 208/2025 में आरोपी नारायणलाल उर्फ नारायणराम लंबे समय से फरार चल रहा था. अनुसंधान के दौरान उसके खिलाफ धारा 8/29 के तहत अपराध प्रमाणित होने पर उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 1000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

आखिरकार पीलवा पुलिस ने मजबूत टीम वर्क और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी को कालेटड़ा क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी नारायणलाल उर्फ नारायणराम (29) पुत्र देवीलाल, निवासी दलेल सिंह का खेड़ा, थाना मंगरूप, जिला भीलवाड़ा का रहने वाला है.

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

इस प्रकरण में पुलिस पहले ही दो आरोपियों सुरज और राहुल को गिरफ्तार कर चुकी है. नारायणलाल की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की कड़ी और मजबूत हो गई है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है.

पुलिस टीम का सराहनीय प्रयास

इस कार्रवाई में पुलिस थाना पीलवा के थानाधिकारी महीराम विश्नोई के नेतृत्व में कांस्टेबल रविन्द्र कुमार (बैज नं. 934) और कांस्टेबल धर्मी (बैज नं. 625) ने सक्रिय भूमिका निभाई. पूरी टीम के समन्वित प्रयास और सतर्कता से ही यह सफलता संभव हो सकी.

एसपी की सख्त चेतावनी

पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने इस कार्रवाई पर कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह की प्रतिबद्धता से जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com