सिलबट्टे से पति का सिर कुचला…सूटकेस में छिपाई लाश:खून के धब्बे मिटाए,घर बंदकर भागी, महाराष्ट्र से पत्नी गिरफ्तार, बोली- कैरेक्टर पर शक करता था

जशपुर जिले में अपने पति को मारकर सूटकेस में लाश भरने वाली आरोपी पत्नी अब पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। 9 नवंबर को भिंजपुर गांव में संतोष भगत (43 साल) की लाश उसके घर में एक सूटकेस में बंद मिली थी। मामला दुलदुला थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, दोनों पति-पत्नी एक-दूसरे पर अवैध संबंध को लेकर शक करते थे। पति को लगता था कि उसकी पत्नी देवर से रिलेशन में है। 7 नवंबर की रात पत्नी ने अपने लिए खाना निकाला लेकिन पति को दिया नहीं। इस बात से नाराज पति फिर झगड़ा करने लगा।
रोज-रोज के विवाद से परेशान पत्नी ने किचन में रखे सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। जिससे मौके पर ही संतोष की जान निकल गई। वारदात के बाद पत्नी ने पति का शव सूटकेस में भरा और खून के छीटे कपड़े से साफ किए।
सास-ससुर से बताया कि उनका बेटा रांची चला गया। घर में सूटकेस छोड़कर खुद भाग गई। बेटी को कॉल पर बताया कि ‘तेरे पापा को मार दी हूं’। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। 6 दिन बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई में काम करती थी आरोपी पत्नी
पुलिस पूछताछ में मंगरीता भगत ने बताया कि वह पहले मुंबई में काम करती थी और अगस्त 2025 में ही गांव लौटी थी। गांव में उसके पति संतोष भगत को उसके देवर विनोद के साथ संबंधों पर शक था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना 7 नवंबर की रात की है। शाम को बाजार से लौटने पर संतोष शराब के नशे में घर पर था। जब मंगरीता ने केवल अपने लिए भोजन निकाला और पति को नहीं दिया, तो दोनों के बीच विवाद हुआ। संतोष ने गुस्से में दरवाजा बंद कर दिया।
एक बार मारने से जिंदा था पति, फिर दोबारा मारी
गुस्से में मंगरीता ने लोहे की गैंती से दरवाजे को तोड़ा, जो गिरकर पति पर आ गिरा। इसके बाद उसने घर में रखे पत्थर के सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। जिससे संतोष बेहोश हो गया। मंगरीता ने यह सोचकर कि वह होश में आने पर उसे मार देगा, दोबारा उसी शीलबट्टे से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात 2 बजे मंगरीता ने शव को घर में रखे ट्रॉली सूटकेस में भर दिया और खून के निशान साफ कर दिए। अगले दिन उसने दरवाजे की मरम्मत करवाकर गांववालों से झूठ बोला कि उसका पति रांची चला गया है। फिर दोपहर को घर को बाहर से लॉक कर फरार हो गई।
रायगढ़ में छुपी थी
आरोपी पत्नी बस से रायगढ़ चली गई थी। वहीं से कोरबा में रह रही अपनी मंझली बेटी को हत्या के संबंध में फोन कर जानकारी दी। 12 नवंबर को मंगरीता भगत रायगढ़ से ट्रेन से मुंबई जाने के लिए निकली। इसी दौरान जशपुर पुलिस की टीम महाराष्ट्र के मनमाड़ जंक्शन से उसे हिरासत में ले लिया।
हिरासत में पत्नी, अपराध स्वीकारी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए शीलबट्टे को बरामद किया है। आरोपी पत्नी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। जीआरपी और आरपीएफ पुलिस का इसमें अहम सहयोग रहा। अपराध स्वीकार करने के बाद महिला को जेल भेजा जा रहा है।”
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 9 नवंबर को ग्राम भिंजपुर निवासी संतोष भगत का शव उसके ही घर में एक बड़े ट्रॉली सूटकेस में बंद मिला था। मृतक के बड़े भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी मंगरीता भगत संदिग्ध पाई गई, जो घटना के बाद से लापता थी। फरार आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पता चला कि मंगरीता भगत मुंबई की ओर भाग रही है। टीम तत्काल महाराष्ट्र रवाना हुई और उसे मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया।











