CSK vs MI: बल्लेबाज के सिर पर जोर से लगी बॉल, चेन्नई के बॉलर ने बनाया निशाना, हंसने लगे सैमसन, VIDEO


चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2026 के एक मुकाबले में बड़ा हादसा होने से बच गया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शनिवार 2 मई को खेले गए इस मैच में सुपर किंग्स के एक खिलाड़ी ने मुंबई के बल्लेबाज को निशाना बना दिया और उसके सिर पर गेंद मार दी. ये निशाना इतने करीब से लगाया गया था कि बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन राहत की बात रही कि ऐसा कुछ नहीं हुआ.
ये घटना मुंबई की पारी के 20वें ओवर की आखिरी की है. इस मैच में मुंबई इंडियंस पहले बैटिंग कर रही थी. पारी के आखिरी ओवर में कृष भगत बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि बॉलिंग की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज ने संभाली हुई थी. ओवर की आखिरी गेंद के लिए भगत स्ट्राइक पर थे. कम्बोज ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद डाली, जिस पर भगत शॉट नहीं जमा पाए. बस इसके बाद ही ये घटना हुई.
कम्बोज के निशाने पर आए कृष
असल में ये पारी की आखिरी गेंद थी इसलिए शॉट न लगने के बावजूद दोनों बल्लेबाज दौड़ पड़े. कोशिश थी स्कोर में एक रन और जोड़ने की. विकेटकीपर संजू सैमसन ने तुरंत गेंद कम्बोज की ओर फेंकी. चेन्नई के पेसर ने बॉल लपकते ही नॉन-स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स पर गेंद मारने की कोशिश की. इसी वक्त भगत उनके बेहद करीब से निकले. मगर तब तक गेंद कम्बोज के हाथ से छूट चुकी थी और ये सीधे 2-3 मीटर दूर भगत के सिर के पिछले हिस्से में जोर से लग गई.
Oops!
Hope Krish Bhagat is okay
#TATAIPL Revenge Week 2026
#CSKvMI | LIVE NOW
https://t.co/wLcMjiCsSi pic.twitter.com/qtJc0iSLcE
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 2, 2026
एक बार के लिए इसने डरा दिया कि कहीं कोई हादसा न हो जाए. मगर राहत की बात ये थी कि ऐसा नहीं हुआ और इसकी वजह था हेलमेट. भगत ने हेलमेट पहना था, जिसके चलते गेंद उनके सिर पर सीधे नहीं लगी. उन्होंने एक रन भी पूरा कर लिया. मगर ये सब नजारा देखकर विकेटकीपर संजू सैमसन जोर-जोर से हंसने लगे और इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
बड़ा स्कोर नहीं बना पाई मुंबई
इस एक रन की बदौलत मुंबई का स्कोर किसी तरह 159 रन पर पहुंचा. ये स्कोर इससे भी ज्यादा हो सकता था अगर मुंबई के बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत का फायदा उठाया होता. टीम का पहला विकेट दूसरे ओवर में ही गिर गया था लेकिन इसके बाद रायन रिकल्टन और नमन धीर ने तेजी से 58 रन की साझेदारी की. फिर रिकल्टन के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कुछ रन बटोरे लेकिन धीरे-धीरे स्कोरिंग रेट नीचे आने लगा. धीर ने एक दमदार अर्धशतक लगाया लेकिन कप्तान हार्दिक पंड्या की 23 गेंदों में 18 रन की पारी ने मुंबई को बड़ा नुकसान पहुंचाया.
Hope Krish Bhagat is okay 












