उत्तर प्रदेश: बहराइच में 24 घंटे बाद बरामद हुआ नाले में डूबे बालक का शव, परिजनों में मचा कोहराम

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में एक दर्दनाक मामला सामने आया है जहां पर एक बालक शौच के लिए गया था इसी दौरान भगहर नाले के पास असंतुलित होकर नाले में ही गिर गया था जिसके बाद लगातार पुलिस और गोताखोर बालक की तलाश कर रहे थे. तलाशी के दौरान 24 घंटे बाद बालक का शव नाले से बरामद कर लिया गया है बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है बालक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के रायगंज गांव में सरयू नदी के भगहर नाले में डूबे 15 वर्षीय किशोर अनुज का शव लगभग 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान शव को बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, अनुज सोमवार दोपहर शौच के लिए सरयू नदी किनारे स्थित भगहर नाले के पास गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे.
मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे स्थानीय ग्रामीणों के अथक प्रयासों से अनुज का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.











