औरंगाबाद: अस्पताल परिसर से नवजात का शव बरामद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

औरंगाबाद: क्षत-विक्षत नवजात का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मामला देव प्रखंड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का है. जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने अस्पताल के पीछे झाड़ियों के पास नवजात का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव को कुत्तों ने नोच खाया था, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो गया है. सूचना मिलते ही देव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया. नवजात लड़का था या लड़की, इसकी स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. घटना के बाद, अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

नवजात का शव अस्पताल परिसर में ही पाया गया, जिससे अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्था पर संदेह उत्पन्न हो रहा है. क्या किसी ने अस्पताल परिसर में नवजात को लाकर शव फेंका या फिर यह घटना कुछ और है, इसकी जांच की जा रही है. एक ओर सवाल यह भी है कि अस्पताल के अंदर किसी को इस घटना का पता नहीं चला, जिससे अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि एक नवजात का क्षत-विक्षत स्थिति में शव बरामद किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

close