उत्तर प्रदेश: बरेली में युवक पर जानलेवा हमला, सोने की चेन और अंगूठी लूटी; 10-12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बरेली: थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है. घटना एक डिग्री कॉलेज के सामने की बताई जा रही है. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद समेत एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र निवासी दुर्गा प्रसाद पुत्र बुद्धसेन को पिछले तीन दिनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. आरोप है कि हमलावरों ने पहले भी उनके घर पर हमला करने की कोशिश की थी.

बताया जाता है कि जब दुर्गा प्रसाद एक डिग्री कॉलेज के सामने खड़े थे, तभी उमेश, राजवीर, प्रमोद, रोहित और दीपक अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया.

सनातन सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने से पीड़ित की जान बच सकी

पीड़ित पक्ष के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। इसी दौरान आरोपियों ने राजेश पुत्र भूप सिंह के साथ भी मारपीट की और उनसे सोने की चेन व अंगूठी छीन ली. घटना के दौरान शोर मचने और सनातन सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने से पीड़ित की जान बच सकी.

पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना के लिए नामजद आरोपियों को जिम्मेदार ठहराया है.

पुलिस मामले की जांच कर रही

थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर उमेश, राजवीर, प्रमोद, रोहित, दीपक और राजेश समेत एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.

close