बलिया में स्थानीय पत्रकार और उसके परिवार पर चाकू से जानलेवा हमला, थानेदार पर लगा गम्भीर आरोप

बलिया : जनपद के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक स्थानीय पत्रकार और उनके पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया. खबर चलाने की रंजिश में हुए इस जानलेवा हमले ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घायल पत्रकार सुग्रीव के अनुसार, विवाद की जड़ ‘सुरहाताल’ में विदेशी पक्षियों के शिकार और तस्करी से जुड़ी एक खबर है. दबंगों को शक था कि यह खबर सुग्रीव ने प्रसारित की है. इसी खुन्नस में दबंगों ने पत्रकार के घर पर चढ़कर पूरे परिवार पर लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला बोल दिया. पत्रकार और उनके भाई पर चाकू से वार किए गए, जबकि उनकी बहनों को लाठियों से बेरहमी से पीटा गया.
पूरा परिवार इस समय जिला अस्पताल में भर्ती है और गहरे खौफ में है. पीड़ित पत्रकार ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार किया है. सुग्रीव का आरोप है है कि यह हमला बांसडीह रोड थाना अध्यक्ष की शह पर हुआ है.
बताया घटना के वक्त 112 नंबर और स्थानीय थाने को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची.
क्षेत्र में विदेशी पक्षियों की तस्करी पुलिस के संरक्षण में फल-फूल रही है. कहा अगर खबर गलत थी तो जांच होती, लेकिन सच दिखाने के बदले मेरे परिवार को जान से मारने की कोशिश की गई. पुलिस मूकदर्शक बनी रही.
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दोषी दबंगों को तत्काल जेल भेजा जाए और लापरवाही बरतने वाले थाना अध्यक्ष के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए. अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है, लेकिन इस घटना ने जिले के पत्रकारों में भारी रोष भर दिया है.
वही पुलिस ने एक्स पर जवाब दिया है कि यह मामला दो पक्ष के बीच जमीनी विवाद से जुड़ा वही पीड़ित पत्रकार पक्ष का कहना है कि पुलिस झूठ बोप रही है. कोई जमीनी विवाद नही है.मामले की निष्पक्ष जांच हो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा.











