सीवरेज टैंक में उतरे 3 मजदूरों की मौत, शवों के साथ अमानवीय व्यवहार, रामकृष्ण हॉस्पिटल प्रबंधन ने कही यह बात …

रायपुर। राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान अंदर उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से झूमाझटकी भी हुई, जो देर रात तक जारी रही। इस बीच कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो इंसानियत को शर्मसार करने वाले हैं। वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा कैसे मृतकों के शवों को चोरी-छिपे एम्बुलेंस में कचरे की तरह फेंककर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। हादसे को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मजदूर कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी के थे और मामले की जांच जारी है।
सफाई के दौरान जहरीली गैस से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन द्वारा सीवरेज टैंक की सफाई के लिए तीन युवकों को बुलाया गया था। सफाई के दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों बेहोश होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो चुके थे। गुस्साए लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए और परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।