हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्माता पहलाज निहलानी का निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर

मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे निहलानी ने अपने मुंबई स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके पूर्व सहयोगी शशि शेखर ने की है।

लंबे समय से थे बीमार

जानकारी के अनुसार, पहलाज निहलानी पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें मुंबई के विले पार्ले स्थित नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था। गुरुवार को उन्होंने अपने निवास पर अंतिम सांस ली।

आज होगा अंतिम संस्कार

पहलाज निहलानी का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 3 बजे मुंबई के सांताक्रूज हिंदू श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

80 और 90 के दशक के सफल निर्माता

पहलाज निहलानी हिंदी कमर्शियल सिनेमा के उन निर्माताओं में शामिल थे जिन्होंने 80 और 90 के दशक में कई सुपरहिट फिल्में दीं। उन्होंने ‘इल्जाम’, ‘आग ही आग’, ‘शोला और शबनम’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। वर्ष 1993 में रिलीज हुई गोविंदा और चंकी पांडे स्टारर फिल्म ‘आंखें’ उस दौर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही।

गोविंदा के करियर में निभाई अहम भूमिका

हालांकि गोविंदा की पहली फिल्म ‘लव 86’ थी, लेकिन बतौर मुख्य अभिनेता उनकी पहचान फिल्म ‘इल्जाम’ से बनी। इस फिल्म के निर्माता पहलाज निहलानी थे। फिल्म की सफलता ने गोविंदा को बॉलीवुड में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

CBFC अध्यक्ष रहते रहे विवादों में

फिल्म निर्माण के अलावा पहलाज निहलानी को उनके सेंसर बोर्ड कार्यकाल के लिए भी याद किया जाएगा। जनवरी 2015 से 2017 तक वह CBFC के अध्यक्ष रहे। इस दौरान फिल्मों में कट लगाने और सख्त सेंसरशिप को लेकर वे लगातार सुर्खियों में रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com