धमतरी: धान खरीदने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, आक्रोशित किसानों ने भाठागांव सोसायटी गेट पर जड़ा ताला

कुरूद: समर्थन मूल्य में खरीदी के अंतिम दिन धमतरी जिले के भाठागांव सोसायटी में धान बेचने से वंचित हो रहे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और वे गेट पर ताला लगाकर हड़ताल पर बैठ गए. इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर हल्ला मचाया. स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी कर्मचारी दलबल सहित मौके पर पहुंच किसानों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन सभी किसानों के उपज का टोकन काटकर खरीदी करने की जिद पर अड़े रहे, जो बाद में एसडीएम के द्वारा आश्वासन देने के बाद हड़ताल समाप्त किया.
शुक्रवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा कुरूद के अधीनस्थ आने वाले भाठागांव सोसायटी में सुबह जब किसान अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र के पास पहुंचे तो पहले से मौजूद अन्य किसानों ने अंतिम दिवस सभी कृषकों की उपज को खरीदने की मांग को लेकर गेट पर ताला जड़ दिया. जिसका टोकन जारी हुए किसानों ने भी एक दूसरे का समर्थन करते हुए उपज भरे वाहनों को गेट के बाहर ही खड़ी कर दिया. जिससे नेशनल हाईवे के किनारे से लेकर खरीदी केंद्र तक लंबी लाइन लग गई.
साथ ही किसानों ने गेट पर ही हड़ताल शुरू कर दिया. यहां तक कि किसी भी कर्मचारियों को अंदर जाने नहीं दिया गया. किसानों द्वारा शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हल्ला मचाया. स्थिति बिगड़ते देख समिति के अधिकारियों ने आला अधिकारियों को सूचित किया. जिस पर सुबह से ही इस एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार सूरज सिंह बंछोर, एसडीओपी रागनी मिश्रा पुलिस बल के साथ सोसायटी पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश किया.
एसडीएम ने टोकन जारी.करने का दिलाया भरोसा
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि अगले दो दिन अवकाश है. ऐसे में आज अंतिम दिन अगर उनकी उपज की खरीदी नहीं हुई तो वह इस साल धान बेचने से वंचित हो जाएंगे. इसलिए जितने भी किसान धान नहीं बेचे हैं उन सभी किसानों का टोकन जारी कर खरीदी किया जाए. अन्यथा कोई भी किसान आज धान नहीं बेचेंगे और न ही बेचने देंगे. साथ ही गेट नहीं खोलेंगे. काफी देर बाद उच्चाधिकारियों से चर्चा उपरांत एसडीएम नभसिंह कोसले ने सभी किसानों का धान शुक्रवार रात तक टोकन जारी कर खरीदने का भरोसा दिलाया. तब कहीं जाकर किसानों ने गेट का ताला खोला और अपनी वाहनों एवं अधिकारी कर्मचारियो को अंदर आने जाने दिया गया.
धान खरीदी करने की जिद पर अड़े रहे किसान
बताया गया है कि भाठागांव सोसायटी में 29 जनवरी को 1090क्विंटल खरीदी करने टोकन जारी किया गया था. जिसका धान लेकर किसान खरीदी केंद्र तक पहुंचे थे. इसके बावजूद 4914 क्विंटल धान 107 किसानों का टोकन जारी करना बाकी है. जिसका भी कल ही टोकन जारी कर खरीदी करने के जिद पर किसान अड़े हुए थे. स्थिति का जायजा लेने अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह, जिला खाद्य अधिकारी कोर्राम, डीएमओ सुनील सिंह राजपूत, शख्स प्रबंधक टिकेंद्र बैस सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी भी पहुंचे थे. वहीं किसानों की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य व कांग्रेसी नेता नीलम चंद्राकर ने भी अधिकारियों से चर्चा किया. साथ ही व्यवस्था बनाने प्राधिकृत अधिकारी आदर्श चंद्राकर, कुलेश्वर चंद्राकर जुटे हुए थे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com