डिप्टी सीएम अरुण साव का राहुल गांधी पर हमला: बोले – कानून, संविधान और नियमों का ज्ञान नहीं

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी को न तो कानून की समझ है, न संविधान की, और न ही नियमों की जानकारी। उन्होंने कहा कि जो बातें राहुल गांधी कर रहे हैं, उन्हें एक साधारण बूथ कार्यकर्ता भी जानता है।
लोरमी पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है। उन्होंने कहा कि जनता को इस तरह गुमराह नहीं किया जा सकता क्योंकि हर नागरिक जानता है कि वोटर लिस्ट कैसे बनाई जाती है। साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
दरअसल, राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने हरियाणा में मतदाता सूची में धांधली और 25 लाख वोटों की चोरी का दावा किया। साथ ही कहा कि बिहार में भी इसी तरह की गड़बड़ी दोहराई जा रही है। राहुल ने यहां तक कहा कि एक ब्राजीलियाई मॉडल ने हरियाणा चुनाव के दौरान 22 बार वोट डाला।
राहुल गांधी ने अपने प्रेजेंटेशन में बताया कि हरियाणा में करीब 3.5 लाख मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो भी दिखाया और सवाल उठाया कि उन्होंने ‘व्यवस्था’ का जो जिक्र किया, उसका क्या मतलब था। राहुल ने कहा कि इस ‘व्यवस्था’ के चलते हरियाणा में कांग्रेस चुनाव हार गई।
अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी के आरोप निराधार और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि मतदाता सूची का निर्माण पूरी कानूनी प्रक्रिया से होता है।









