धमतरी पुलिस की कार्रवाई: सट्टा खिलाते और अवैध शराब बेचते दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी: जिला पुलिस ने एसपी के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने अर्जुनी और कुरुद क्षेत्र में दबिश देकर जुआ-सट्टा और अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सांकरा ओवर ब्रिज के नीचे सट्टा पट्टी जब्त

​पहली कार्रवाई थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा की गई. मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने सांकरा ओवर ब्रिज के नीचे घेराबंदी की, जहाँ दिनेश सोनवानी (34 वर्ष) को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया. आरोपी के पास से नगदी 3,110/- रुपये, सट्टा-पट्टी और पेन बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज किया है.

कुरुद में शराब तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

​दूसरी ओर, थाना कुरुद पुलिस ने भारत माला रोड पुल के पास अवैध शराब की बिक्री पर नकेल कसी. ग्राम नारी निवासी प्रकाश सोनकर (32 वर्ष) को 29 पौवा देशी मसाला शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. जप्त शराब और बिक्री की रकम की कुल कीमत 3,200/- रुपये बताई जा रही है. आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

​पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और जुआ-सट्टा के खिलाफ यह सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे.

close