बिलासपुर में डीजल लूट गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल लूटने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के अंधेरे में ट्रक चालकों को डरा-धमकाकर मारपीट करते थे और फिर डीजल चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो, ट्राइबर कार, धारदार चाकू, नकदी और करीब 74 लीटर डीजल जब्त किया है।

लगातार शिकायतों के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जिले में लगातार डीजल चोरी और लूट की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद ACCU और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र के बगडबरी निवासी संजय कुमार कुर्रे (30), मणीशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) शामिल हैं।

पेट्रोल पंप से सेटिंग कर खपाया जाता था चोरी का डीजल

पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि गिरोह का मास्टरमाइंड सीधे पेट्रोल पंप संचालकों से संपर्क में था। चोरी के डीजल को कम कीमत में पेट्रोल पंपों तक पहुंचाया जाता था। आरोपियों को डीजल चोरी के लिए वाहन उपलब्ध कराने का काम भी मास्टरमाइंड ही करता था।पुलिस का दावा है कि मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

हाईवे पर कई बड़ी वारदातों को दिया अंजाम

एसएसपी के मुताबिक 18 मई को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की थी। वहीं 24 मई को कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर का डीजल टैंक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूटा गया था।इसके अलावा 28 मार्च को सेंदरी नेशनल हाईवे के पास खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए बताई गई है।

कई जिलों में फैला था गैंग का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। आरोपियों ने बिलासपुर के अलावा बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर जिले के हाईवे पर भी वारदातें करना कबूल किया है।गिरोह में कोरबा के हरदीबाजार और बाकीमोंगरा क्षेत्र के सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com