सुपौल के ANM ट्रेनिंग स्कूल में प्रिंसिपल का डर्टी अंदाज, फोन में लेडी टीचर्स की तस्वीरें मिलने पर हंगामा

सुपौल: जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. खबर को लेकर भारी हो हंगामा हुआ है. दरअसल आपको बता दे की निर्मली स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एंड होस्टल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संस्थान के पुरुष प्रिंसिपल के मोबाइल फोन में महिला शिक्षिकाओं की बड़ी संख्या में तस्वीरें मिलने का मामला सामने आया. घटना के बाद शिक्षिकाओं और कर्मियों में आक्रोश फैल गया और परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा.
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान प्रिंसिपल अपने मोबाइल फोन में किसी फोटो को जूम करके देख रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रही एक महिला शिक्षिका की नजर उनके मोबाइल स्क्रीन पर पड़ी. स्क्रीन पर अपनी और अन्य महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें देखकर उन्होंने तत्काल आपत्ति जताई. इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और अन्य शिक्षिकाएं व कर्मचारी भी मौके पर जुट गए.
बताया जा रहा है कि आपत्ति के बाद प्रिंसिपल के मोबाइल की गैलरी चेक कराई गई, जिसमें दो महिला शिक्षिकाओं की अलग-अलग एंगल से ली गई करीब 150 तस्वीरें मिलीं. काफी देर तक चले विवाद और दबाव के बाद मोबाइल से सभी फोटो डिलीट कर दी गईं.
फिलहाल हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई. वहीं, पूछे जाने पर प्रिंसिपल साजिद इकबाल कैफ़ी ने मोबाइल में महिला शिक्षिकाओं की तस्वीरें होने की बात स्वीकार की. उन्होंने कहा कि ये तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम से डाउनलोड कर अपने फोन में रखी थीं. हंगामा होने के बाद उन्होंने सभी फोटो डिलीट कर दी हैं.
इधर, इस घटना को लेकर संस्थान में महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल की मर्यादा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. कर्मियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इस प्रकरण की चर्चा तेज हो गई है.
डीएम सावन कुमार के निर्देश पर जांच को निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, बीडीओ आरुषि शर्मा, सीओ विजय प्रताप सिंह, निर्मली थाना के एसआई निहाल कुमार सहित वन्य पुलिस बल के साथ पहुंचे हैं.
जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि मामले में संज्ञान लेते हुए निर्मली एसडीएम को जांच के लिए एएनएम ट्रेनिंग स्कूल एन्ड हॉस्टल भेजा गया है. जांचोपरांत दोषी के विरुद्ध कार्रवाई होगी.











