विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की चर्चा तेज, 26 फरवरी को सात फेरे लेने की खबर

साउथ सिनेमा के चर्चित कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से दोनों के रिलेशनशिप की खबरें सामने आती रही हैं और अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंध सकते हैं। शादी का कथित कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की शादी निजी समारोह में होगी, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद के एक भव्य होटल में रिसेप्शन आयोजित किया जा सकता है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों के शामिल होने की संभावना है।
इससे पहले भी दोनों की सगाई और शादी को लेकर कई खबरें सामने आई थीं। हालांकि, कपल ने अब तक अपने रिश्ते या शादी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हाल ही में दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर अलग-अलग पहुंचते और बाद में एक साथ जाते हुए देखा गया, जिससे इन चर्चाओं को और बल मिला।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय सितारों में गिने जाते हैं और दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते हैं। शादी की खबरों के बीच अब सभी को कपल की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।











