सुशासन तिहार में भाजपा कार्यकर्ता और जनपद CEO में विवाद: विधायक के सामने हुई तीखी बहस, VIDEO वायरल

दुर्ग जिले के थनौद गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। शिकायतों के निराकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और जनपद पंचायत CEO के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मौके पर मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया।

शिकायत को लेकर शुरू हुआ विवाद

सुशासन तिहार के तहत गांव में लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए शिविर लगाया गया था। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे। आरोप है कि शिकायत का समाधान नहीं होने पर कार्यकर्ता और जनपद CEO के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में दिखे जनपद CEO के तीखे तेवर

वायरल वीडियो में जनपद CEO भाजपा कार्यकर्ता को उंगली दिखाते हुए बहस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “तुम्हें जो करना है कर लो।” इस दौरान मौके पर मौजूद लोग भी विवाद को देखते रहे।

घटना के समय दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी वहीं मौजूद थे। हालांकि वीडियो में विधायक शांत खड़े दिखाई दे रहे हैं और उन्होंने विवाद को शांत कराने की कोई कोशिश नहीं की।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई लोगों ने अधिकारी की भाषा और रवैये पर आपत्ति जताई है। वहीं कुछ यूजर्स ने विधायक की चुप्पी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

सुशासन तिहार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना बताया गया है, लेकिन इस घटना के बाद कार्यक्रम की व्यवस्था और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com