सावन की पूजा की थाली ऐसे करें तैयार, भोलेबाबा के अभिषेक के लिए जरूरी हैं ये 10 चीजें

हिंदू धर्म में सावन के माह का बेहद खास महत्व माना गया है। सावन का पवित्र महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। 11 जुलाई से शुरू हुए सावन महीने का आज यानी 14 जुलाई को पहला सोमवार है। आज सुबह से ही शिव भक्तों की भीड़ शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए मंदिरों में उमड़ पड़ी है। माना जाता है कि जो शिवभक्त इस पूरे माह भगवान शिव की सच्चे दिल से भक्ति अराधना करता है, भोलेबाबा उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। अगर आप भी शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए घर से निकलने वाले हैं तो उससे पहले अपनी पूजा की थाली में ये 10 चीजें जरूर रख लें। माना जाता है कि सावन में शिव पूजा के लिए पूजा की थाली में ये 10 चीजें जरूर शामिल होनी चाहिए।
सावन में शिवलिंग पर चढ़ाने के लिए पूजा की थाली में जरूर रखें ये 10 चीजें
दीपक
भगवान शिव की पूजा की थाली तैयार करते समय सबसे पहली चीज घी का दीपक जरूर रखें।
बेलपत्र
माना जाता है कि भोलेबाबा को बेलपत्र बेहद पसंद होते हैं। आप इसे भी सावन की पूजा की थाली तैयार करते समय जरूर रखें।
चंदन
पूजा शुरू करने से पहले भगवान शंकर को चंदन का तिलक किया जाता है। तो इसे थाली में रखना बिल्कुल ना भूलें।
भांग-धतूरा
शिवलिंग पर भांग-धतूरा चढ़ाने से शिव जी बहुत प्रसन्न होते हैं। आयुर्वेद में भी धतूरे का इस्तेमाल कई तरह की औषधि बनाने के लिए किया जाता है।
घंटी
घंटी की आवाज शुभ मानी जाती है। भगवान शिव की पूजा बिना घंटी के अधूरी मानी जाती है। घंटी बजाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
पंचामृत
पंचामृत के बिना भगवान शिव की पूजा को अधूरा माना जाता है। बता दें, पंचामृत पांच अमृत यानी दूध, दही, घी, शहद और शक्कर को मिलकर तैयार किया जाता है।
फूल
हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव को फूल चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं शीघ्र पूरी होती हैं। शिवजी को धतूरा, आक का फूल, दूर्वा अति प्रिय हैं
दूध-गंगाजल वाला जल
मान्यता है कि गंगाजल और दूध से शिवलिंग का अभिषेक करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। गंगाजल से अभिषेक करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है और दूध चढ़ाने से बुद्धि, विवेक और शांति मिलती है।
मौली या कलावा
भगवान शिव की पूजा में मौली या कलावा का बहुत महत्व है। मौली को भगवान शिव के गले में लिपटे सांप का प्रतीक माना जाता है, जो उनकी शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।
लौंग इलायची
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लौंग को शिव-शक्ति का प्रतीक माना जाता है। सावन के महीने में शिवलिंग पर लौंग चढ़ाने से जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है। जबकि इलायची शिवलिंग पर चढ़ाने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।











