Donovan Ferreira: जिसने निकाला उसे ही हिला डाला, कौन हैं फरेरा जिन्होंने 14 बॉल में ठोके 8 छक्के-चौके

Donovan Ferreira: जिसने निकाला उसे ही हिला डाला, कौन हैं फरेरा जिन्होंने 14 बॉल में ठोके 8 छक्के-चौके

राजस्थान रॉयल्स के लिए जब से वैभव सूर्यवंशी ने IPL में अपना डेब्यू किया है, तब से सिर्फ ये युवा बल्लेबाज ही टीम का स्टार बना हुआ है. सारी चर्चा सिर्फ 15 साल के विस्फोटक ओपनर सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जो कि जायज भी है. मगर उनके अलावा भी कुछ खिलाड़ी इस टीम के लिए अपना दम दिखा रहे हैं और इसमें से ही एक हैं दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज डॉनोवन फरेरा, जिन्होंने लगातार तीसरे मैच में अपनी तूफानी बैटिंग से राजस्थान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.

आईपीएल 2026 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स पहले बैटिंग कर रही थी लेकिन शुरुआती दो ओवर में ही उसके दोनों ओपनर, यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट गए थे. ऐसा इस सीजन में कम ही देखने को मिला था. मगर इसके बाद कप्तान रियान पराग ने एक बेहतरीन पारी खेलकर टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाया. फिर आया फरेरा का तूफान जिसने टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया.

दिल्ली के खिलाफ फरेरा का तूफान

राजस्थान ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौथा विकेट गंवाया, जिसके बाद दाएं हाथ के बल्लेबाज फरेरा की एंट्री हुई. उसी ओवर में कप्तान पराग भी शतक से पहले आउट हो गए. स्कोर तब तक 168 रन था. ऐसे में यहां से टीम को 200 के पार पहुंचाने की जिम्मेदारी फरेरा की थी और इस बल्लेबाज ने ऐसा कर दिखाया.

उन्होंने अगले ही ओवर में कुलदीप यादव के खिलाफ 3 छक्के ठोके. फिर अगले ओवर में मिचेल स्टार्क पर भी चौका और छक्का ठोक दिया. फिर आखिरी ओवर में टी नटराजन के खिलाफ फरेरा ने 2 छक्के और 1 चौका जड़कर टीम को 225 रन के मजबूत स्कोर तक पुहंचा दिया. फरेरा सिर्फ 14 गेंदों में 6 छक्के और 2 चौकों की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद लौटे.

राजस्थान के लिए कर रहे दमदार बैटिंग

इस सीजन में ये कोई पहला मौका नहीं है, जब फरेरा ने ऐसा कमाल किया है. पिछले ही मैच में उन्होंने पंजाब के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी. वहीं सनराइजर्स के खिलाफ एक मैच में 69 रन और एक मैच में सिर्फ 16 गेंदों में 33 रन कूटे थे. मगर दिल्ली के खिलाफ ये पारी इसलिए खास थी क्योंकि पिछले सीजन में वो उसी टीम का हिस्सा थे. मगर इस सीजन से ठीक पहले दिल्ली ने उन्हें नीतीश राणा के बदले राजस्थान से ट्रेड कर लिया था. अब फरेरा ने उसकी ही सजा दिल्ली को दी है.

कौन हैं डॉनोवन फरेरा?

27 साल के डॉनोवन फरेरा का IPL में तीसरा ही सीजन है, जिसमें से दूसरी बार वो राजस्थान के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने 2024 में रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था लेकिन 2 मैच खेल सके थे, जबकि पिछले सीजन में सिर्फ 1 मैच में मौका मिला था. IPL 2020 में वो अभी तक 7 पारियों में 177 के स्ट्राइक रेट से 229 रन बना चुके हैं.

फरेरा साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं, जिसके लिए वो 16 टी20 मैच में 240 रन बना चुके हैं. उनको असली पहचान फ्रेंचाइजी क्रिकेट से मिली है. खास तौर पर SA20 में जोबर्ग सुपरकिंग्स की ओर से उन्होंने फिनिशर की भूमिका दमदार अंदाज में निभाई. इसके चलते ही उन्हें टी20 ब्लास्ट, द हंड्रेड और मेजर लीग क्रिकेट जैसी लीग में भी खेलने का मौका मिला है और वहां भी उन्होंने अपनी पावरहिटिंग से प्रभावित किया है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com