सुपौल में मिजिल्स से दर्जनों बच्चे हुए बीमार, अलर्ट मोड में स्वास्थ्य विभाग की टीम

सुपौल : जिले में मिजिल्स से दर्जनों बीमार पड़ गए हैं. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में आ गई है. रोग की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई है और तुरंत बच्चों को उपचार शुरू कर दिया है. दरअसल आपको बता दें कि जदिया थाना क्षेत्र के जदिया पंचायत अंतर्गत फुलकाहा वार्ड-21 स्थित शर्मा टोला में मिजिल्स तेजी से फैलने से गांव में दहशत का माहौल बन गया है.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज से डाक्टरों की एक टीम गांव पहुंची और पीड़ित बच्चों की जांच कर इलाज शुरू किया. ग्रामीणों के अनुसार बीते कुछ दिनों में गांव के दर्जनों बच्चे बुखार और शरीर पर दाने निकलने की शिकायत से पीड़ित हुए हैं. बीमारी का प्रकोप इतना अधिक है कि एक माह का दुधमुंहा बच्चा भी इसकी चपेट में आ गया है.

फुलकाहा निवासी प्रकाश शर्मा के एक माह के पुत्र अंकुश कुमार, 16 वर्षीय सुबी कुमारी, आमोद शर्मा, प्रमोद शर्मा, अमरजीत कुमार, राज कुमार, मुन्नी कुमार, जय कुमार, प्रीति कुमारी, रामू कुमार, प्रिंस कुमार, रीना कुमारी, नेहा कुमारी सहित कई अन्य बच्चे पीड़ित हैं. बीमारी के लगातार फैलने से गांव में भय का माहौल है.

सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की जांच कर दवा वितरण के साथ इलाज शुरू किया. डाक्टरों ने अभिभावकों को साफ-सफाई रखने, बच्चों को अलग रखने और समय पर दवा देने की सलाह दी है. डाक्टरों की टीम में डा. अमरजीत कुमार, रवि कुमार, एएनएम उषा देवी, रंजू कुमारी, फार्मासिस्ट समरेश कुमार, सीएचओ उमा भारती, आशा पिंकी कुमारी, सेविका रूबी खातून और सहायिका नूरजहां शामिल रहीं.

डा. अमरजीत कुमार ने बताया कि मिजिल्स से बच्चे पीड़ित हैं. ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है. स्वास्थ्य टीम द्वारा गांव में निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि बीमारी को और फैलने से रोका जा सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close