डॉ रेशमा अंसारी को पुष्पदेवी साहित्याचार्य विभूषण सम्मान, ममता कालिया की अध्यक्षता में दिल्ली में हुआ सम्मान


रायपुर। बीपीए फाउंडेशन एवं इंडिया नेट बुक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित छठे वार्षिक पुरस्कार सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन होटल क्राउन प्लाजा, मयूर विहार, दिल्ली में किया गया।
इस समारोह में रायपुर, छत्तीसगढ़ से डॉ रेशमा अंसारी को पुष्पदेवी साहित्याचार्य विभूषण से सम्मानित किया गया। डॉ रेशमा अंसारी, मैट्स यूनिवर्सिटी के हिन्दी विभागाध्यक्ष, पिछले लगभग 20 वर्षों से हिन्दी भाषा और साहित्य के उन्नयन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शोध-सम्मेलनों में भागीदारी, शोध पत्रों और पुस्तकों का प्रकाशन तथा विविध रचनात्मक गतिविधियों में योगदान दिया है।
यह सम्मान उन्हें हिन्दी भाषा के विकास, उन्नयन, संपादन, साहित्य, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में उनके सक्रिय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि हिन्दी साहित्य जगत की प्रसिद्ध साहित्यकार ममता कालिया थीं। यह सम्मान उन्हें ममता कालिया, संजीव कुमार, मनोरमा, प्रेम जनमेजय, संतोष चौबे, बुद्धिनाथ मिश्र और सुरेंद्र मोहन पाठक जैसे प्रतिष्ठित साहित्यकारों के हाथों प्रदान किया गया।
समारोह में देश भर से प्रतिष्ठित साहित्यकार उपस्थित थे, जिनमें संदीप अवस्थी, केशू भाई देसाई, श्याम सखा श्याम, डॉ राकेश कुमार, बलदेव भाई शर्मा, जय वर्धन, डॉ वीना आदि शामिल थे। बीपीए फाउंडेशन एवं इंडिया नेट बुक के संस्थापक संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने विधि की पढ़ाई की और सुप्रीम कोर्ट में वकील रहे, लेकिन उनका रुझान हमेशा हिन्दी साहित्य और कविता की ओर रहा। अब तक वे 300 से अधिक पुस्तकें लिख चुके हैं और पिछले छह वर्षों में 400 से अधिक साहित्यकारों को सम्मानित कर प्रोत्साहित कर चुके हैं।
डॉ रेशमा अंसारी की इस उपलब्धि पर मैट्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति गजराज पगारिया, महानिदेशक प्रियेश पगारिया, कुलपति प्रो. के.पी. यादव, कुलसचिव गोकुलानंदा पंडा, उपकुलपति दीपिका ढांढ सहित विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त कर शुभकामनाएं दी हैं।











