बारिश में बनाकर खाएं टेस्टी मूंग दाल पकौड़े, नोट करें हेल्दी टेस्टी रेसिपी

 बारिश के मौसम में अगर आप कुछ हेल्दी और टेस्टी बनाकर खाना चाहते हैं तो मूंग दाल पकौड़े आपकी क्रेविंग को शांत कर सकते हैं। यह पकौड़ा रेसिपी लोग अकसर ब्रेकफास्ट या स्नैक्स के तौर पर शाम को चाय के साथ बनाकर खाते हैं। मूंग दाल पकौड़ों के साथ परोसी गई हरी चटनी, इसके स्वाद को अलग लेवल पर लेकर जाती है। अगर आप भी इस स्ट्रीट फूड को घर पर बनाकर अपने टेस्ट बड्स को ट्रीट देना चाहते हैं तो फॉलो करें रेसिपी।

मूंग दाल पकौड़े बनाने के लिए सामग्री

-1 कप पीली मूंग दाल

-2 छोटे चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक

-1 छोटे चम्मच नमक

-1 छोटा चम्मच चाट मसाला

-2 कप कटी हुई हरी प्याज

-1 कप कटा हुआ प्याज

-2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया

-2 छोटे चम्मच कटी हुई हरी मिर्च

-तलने के लिए तेल

मूंग दाल पकौड़े बनाने का तरीका

सबसे पहले मूंग दाल पकौड़े बनाने के लिए पकौड़ों का घोल तैयार करें। इसके लिए सबसे पहले मूंग दाल को 2-3 बार पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद दाल को 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। तय समय बाद पानी को अच्छी तरह निथारकर एक बड़े चम्मच पानी के साथ मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इस बात का ध्यान रखें कि पकौड़ों के लिए पेस्ट गाढ़ा होना चाहिए, नहीं तो पकोड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे। पेस्ट को एक बड़े कटोरे में डालकर उंगलियों की मदद से 5 मिनट तक फेंटें ताकि यह फूला हुआ हो जाए। अब इस कटोरे में अदरक, नमक, चाट मसाला, हरा प्याज, हरा धनिया और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। नमक की जांच करें और जरूरत पड़ने पर और डाल सकते हैं।

इसके बाद पकौड़े तलना शुरू करें। पकौड़े तलने के लिए एक नॉन-स्टिक पैन में मीडियम तेज आंच पर 5 कप तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए, तो आंच को मीडियम लो कर दें। इसके बाद एक छोटे चम्मच की मदद से गरम तेल में मूंग दाल के पेस्ट की छोटी-छोटी लोइयां पैन में डाल दें पैन को ज्यादा न भरें। मूंग दाल के पकौड़ों को अच्छी तरह गोल्डन भूरा होने तक तलें। अब सभी पकौड़ों को टिशू पेपर लगाई हुई प्लेट में निकाल लें। आपके टेस्टी मूंग दाल पकौड़े बनकर तैयार हैं। इन्हें हरे धनिया की चटनी और चाय के साथ गरमा-गरम परोसें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close