सावन में बनाकर खाएं टेस्टी साबुदाना पराठा, नोट करें हेल्दी रेसिपी

भोलेबाबा के भक्तों के लिए सावन का महीना बेहद खास होता है। इस साल सावन के सोमवार के व्रत 11 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक रखें जाएंगे। इस पवित्र माह भगवान शिव के भक्त उन्हें प्रसन्न करने के लिए पूजा-अर्चना और पूरे दिन का उपवास करते हैं। सावन के व्रत रखते समय लोग शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए फलाहार भी करते हैं। जिसमें ज्यादातर हेल्दी ऑप्शन को जगह दी जाती हैं। अगर आप सावन के सोमवार में कुट्टू खाकर बोर हो चुके हैं तो ट्राई करें टेस्टी और हेल्दी साबुदाना पराठा रेसिपी। यह पराठा रेसिपी ना सिर्फ खाने में बेहद टेस्टी होती है बल्कि बनाने में भी बेहद आसान है। आप इस पराठा रेसिपी को व्रत के अलावा बच्चों के स्कूल टिफिन में भी पैक करके दे सकती हैं।
साबुदाना पराठा बनाने के लिए सामग्री
-1 कप भीगा हुआ साबुदाना
-2 मीडियम साइज उबले हुए आलू
-सेंधा नमक स्वादानुसार
-2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
-2 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
-1 छोटा चम्मच नींबू का रस
-आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-घी पराठा सेंकने के लिए
-2 बड़े चम्मच राजगिरा आटा बाइंडिंग के लिए
साबुदाना पराठा बनाने का तरीका
साबुदाना पराठा बनाने के लिए सबसे पहले साबुदाना को अच्छी तरह धोकर रातभर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह साबुदाना का अतिरिक्त पानी निकालकर उसे हल्का-सा मसल लें ताकि साबुदाना नरम होकर आसानी से गूंथ जाए। अब एक बाउल में भीगा हुआ साबुदाना, उबले हुए मैश आलू, सेंधा नमक, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, नींबू का रस, काली मिर्च पाउडर और राजगिरा का आटा डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए उससे नरम आटा लगा लें।
इसके बाद हाथ में थोड़ा सा घी लगाकर तैयार मिश्रण से लोई तोड़कर बेलन या हाथ की मदद से पॉलिथिन शीट पर धीरे-धीरे गोल पराठे के आकार में बेलें। इस बात का खास ख्याल रखें कि पराठा ज्यादा पतला ना बेलें वरना वो बेलते समय टूट सकता है। अब गर्म तवे पर हल्का घी लगाकर पराठे को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। आपका टेस्टी और हेल्दी साबुदाना पराठा बनकर तैयार है। आप इसे दही,मूंगफली की चटनी या हरी चटनी के साथ गरमागरम सर्व कर सकते हैं।











