वैश्विक खतरे के बीच छत्तीसगढ़ में इबोला अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सख्त जांच

रायपुर। दुनिया भर में इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष जांच काउंटर बनाए गए हैं, जहां बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी ट्रैवल हिस्ट्री की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई निगरानी
स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन और मेडिकल टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और संदिग्ध लक्षणों की पहचान अनिवार्य कर दी गई है। जांच के दौरान किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण पाए जाने पर तत्काल आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नोडल अधिकारी की नियुक्ति
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट पर एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की है, जो स्क्रीनिंग व्यवस्था और मेडिकल प्रोटोकॉल की निगरानी करेंगे। विभाग का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
अफ्रीकी देशों में बढ़े मामले, WHO ने जताई चिंता
अफ्रीकी देशों, विशेषकर कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैश्विक स्तर पर चिंता जताई है। इसके बाद भारत सहित कई देशों ने एयरपोर्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।











