मैहर में हाथियों की दस्तक: शहडोल-सीधी से आए दो गजराज, GPS से लोकेशन ट्रेस; काटी गई बिजली

मैहर: जिले के वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आमद से ग्रामीण अंचलों में हड़कंप मच गया है. वन विभाग ने आधिकारिक तौर पर दो हाथियों की पुष्टि की है, जो उत्तर शहडोल वन मंडल से सीधी होते हुए मैहर की सीमा में दाखिल हुए हैं. हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी है.
जीपीएस (GPS) से चौबीस घंटे निगरानी
रामनगर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम भैंसरा, मनकेश्वर और सरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में हाथियों की हलचल दर्ज की गई है. वन विभाग के अनुसार, दल के एक हाथी पर जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ है, जिससे उसकी पल-पल की लोकेशन मॉनिटर की जा रही है. विशेषज्ञों की टीम लगातार हाथियों की रफ्तार और दिशा का आकलन कर रही है, ताकि उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से हटाकर सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ा जा सके.
सुरक्षा के लिए गांवों में ‘ब्लैकआउट’
हाथियों या ग्रामीणों को बिजली के खुले तारों और ट्रांसफॉर्मर से होने वाले जानमाल के नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली काट दी है. ग्रामीणों द्वारा देर रात खेतों के पास हाथियों को देखे जाने के बाद वन अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है. हालांकि, स्थानीय लोगों में हाथियों की संख्या अधिक होने का भय बना हुआ है.
मुनादी कर लोगों को किया जा रहा अलर्ट
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही हैं. गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है और लोगों को हिदायत दी जा रही है कि:रात के समय घरों से बाहर न निकलें. खेतों की ओर अकेले जाने से बचें। हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें.











