छत्तीसगढ़: कटघोरा के फैजान वसीम ने देश भर में लहराया कामयाबी का परचम, GATE 2026 में हासिल की 20वीं रैंक

छत्तीसगढ़: ​हौसले बुलंद हों और इरादे फौलादी, तो सफलता कदम चूमती है. छत्तीसगढ़ के कटघोरा नगर के एक होनहार रत्न, फैजान वसीम ने इस बात को सच कर दिखाया है. देश की सबसे कठिनतम परीक्षाओं में शुमार GATE 2026 (Graduate Aptitude Test in Engineering) के परिणामों में फैजान ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए पूरे भारत में 20वीं रैंक (All India Rank – 20) हासिल की है.

पर्यावरण विज्ञान में रचा इतिहास

​फैजान ने यह कीर्तिमान Environmental Science and Engineering (ES) विषय में स्थापित किया है। उनके शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 100 में से 58 अंक प्राप्त कर 814 का उच्च GATE स्कोर अर्जित किया है. इस उपलब्धि के साथ ही फैजान ने न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर अंकित कर दिया है.

कड़ी तपस्या का मीठा फल

​मोहम्मद यूनुस के सुपुत्र फैजान शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं. परिजनों के अनुसार, फैजान की इस सफलता के पीछे उनकी घंटों की कड़ी मेहनत और एकाग्रता छिपी है. सोशल मीडिया और बाहरी दुनिया के शोर से दूर, फैजान ने अपना पूरा ध्यान केवल अपनी पढ़ाई पर केंद्रित रखा, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है.

बधाइयों का लगा तांता, नगर में जश्न का माहौल

​जैसे ही फैजान की ऐतिहासिक रैंक की खबर कटघोरा पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. उनके निवास पर बधाई देने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा है. नगर के गणमान्य नागरिकों और परिजनों ने फैजान को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. पिता मोहम्मद यूनुस ने इस मौके पर भावुक होते हुए कहा कि यह उनके बेटे के समर्पण और त्याग की जीत है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close