किसान बनाम हाईप्रोफाइल चेहरा? राज्यसभा सीट पर कांग्रेस के सामने बड़ी परीक्षा

धमतरी: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के गलियारों में इस वक्त एक ही नाम की गूँज है—लेखराम साहू. राज्यसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही, पूर्व विधायक और किसान नेता लेखराम साहू ने अपनी दावेदारी पेश कर पार्टी की नींद उड़ा दी है. राजधानी में कांग्रेस के आलाकमान से उनकी औपचारिक भेंट ने यह साफ कर दिया है कि इस बार वे सिर्फ ‘दावेदार’ नहीं, बल्कि ‘हकदार’ के तौर पर अपनी बात रख रहे हैं.


साहू की दावेदारी के साथ ही 2018 का वह पुराना जख्म भी फिर से हरा हो गया है. साहू ने नेतृत्व को आईना दिखाते हुए याद दिलाया कि पिछली बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया था, लेकिन विधानसभा के ‘गणित’ ने उन्हें पटक दिया. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह हार राजनीतिक अस्वीकार्यता नहीं, बल्कि संख्या बल की मजबूरी थी. यानी, इस बार साहू ‘अधूरा हिसाब’ चुकता करने के मूड में हैं.

इस बार कोई न पहुंचे पैराशूट से राज्यसभा:


लेखराम के समर्थकों का कहना है कि, यह दावेदारी केवल एक सीट के लिए नहीं, बल्कि पार्टी की दिशा तय करने वाली एक चुनौती है. जहाँ एक तरफ दिल्ली की एयरकंडीशंड लॉबिंग में माहिर नेता अपनी गोटी सेट करने में जुटे हैं, वहीं लेखराम साहू ने अपना पलड़ा ‘जमीनी हकीकत’ पर टिकाया है. उनके साथ आए किसान प्रतिनिधियों और पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं का हुजूम एक ही संदेश दे रहा है: “कुर्सी के लिए इत्र की खुशबू नहीं, पसीने की महक चाहिए.” यह साफ तौर पर उन ‘दरबारी’ नेताओं के लिए चेतावनी है, जो संगठन के संघर्ष को दरकिनार कर पैराशूट से राज्यसभा पहुंचना चाहते हैं.

क्या कांग्रेस साधेगी सामाजिक समीकरण.

अप्रैल 2026 में खाली होने वाली दो सीटों में से एक पर कांग्रेस की दावेदारी पक्की मानी जा रही है. ऐसे में लेखराम साहू की उम्मीदवारी कांग्रेस के लिए एक अग्निपरीक्षा है. क्या पार्टी उन्हें मौका देकर किसान और पिछड़ा वर्ग के वोट बैंक को एक बड़ा संदेश देगी, या फिर परंपरा के नाम पर एक बार फिर ‘हाई-प्रोफाइल’ चेहरों की बलि चढ़ेगी?
​फिलहाल, रायपुर से दिल्ली तक के पावर कॉरिडोर में इस ‘जमीनी नेता’ की दस्तक ने खलबली मचा दी है. गेंद अब आलाकमान के पाले में है. क्या 2026 का चुनाव महज एक औपचारिकता होगा, या लेखराम साहू की एंट्री से कांग्रेस अपने खोए हुए जनाधार को वापस पाने का कोई बड़ा दांव खेलेगी. देखना दिलचस्प होगा.

close