भिलाई में अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज, धार्मिक टिप्पणी से समाज में आक्रोश

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर संत झूलेलाल जी और महाराजा अग्रसेन के प्रति अभद्र टिप्पणी करने के बाद सिंधी और अग्रवाल समाज के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है, जो किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाने से संबंधित है। पुलिस ने मामले में ‘शून्य पर देहाती नालसी’ दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद सिंधी और अग्रवाल समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। दोनों समाजों के प्रतिनिधियों ने इस बयान को धार्मिक सौहार्द के खिलाफ बताते हुए अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
भिलाई के सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने एसएसपी विजय अग्रवाल से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल और पुलिस टीम कर रही है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद से आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की सांप्रदायिक अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।











