जबलपुर में दिनदहाड़े फायरिंग! मोहरिया गली में युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
जबलपुर : हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत के मोहरिया गली नंबर–5 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक को गोली लगने से घायल होने की घटना सामने आई. अचानक गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई जहा घायल युवक को परिजनों की मदद से तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने की वजह से उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान अंबेडकर कॉलोनी निवासी मोहसिन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहसिन को बाएं पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद उसने अपने परिचितों और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी.सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और मोहसिन को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि पैर में गोली लगने के कारण उसे काफी खून बह गया था.

घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और यह जानने की कोशिश की कि गोली किसने और किन परिस्थितियों में चलाई.प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली जानबूझकर चलाई गई या फिर किसी अन्य कारण से फायरिंग हुई.पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. कुछ देर के लिए पूरे मोहल्ले में भय का माहौल बन गया.लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र पहले भी विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है, जिससे घटना को लेकर लोगों में और अधिक डर है.
हनुमानताल थाना पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या किसी लेन-देन से जुड़ा तो नहीं है. इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.वहीं इस घटना के बाद से हनुमानताल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं.









