भिंड-इटावा राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच की मौत

अटेर के पावई थाना क्षेत्र के सौरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय सुनील बघेल अपनी 30 वर्षीय पत्नी सुनीता बघेल, 12 वर्ष की बेटी अंशु और पांच वर्षीय बेटे छोटे बघेल के साथ एक बाइक पर सवार थे. वे सभी फूप में अपने एक रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.

भिंड: मध्यप्रदेश के भिंड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई. फूप पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजमार्ग पर टेढ़ी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी.

फूप पुलिस थाने के प्रभारी सत्येंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि टेढ़ी पुलिया के पास ट्रक ने मोटरसाइकिल सवारों को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही पांचों लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक लड़की और एक महिला भी शामिल हैं.

अटेर के पावई थाना क्षेत्र के सौरा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय सुनील बघेल अपनी 30 वर्षीय पत्नी सुनीता बघेल, 12 वर्ष की बेटी अंशु और पांच वर्षीय बेटे छोटे बघेल के साथ एक बाइक पर सवार थे. वे सभी फूप में अपने एक रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.

इस हादसे में भोला खान नामक एक व्यक्ति की भी मौत हो गई, जो अपनी बेटी को लेने उत्तर प्रदेश जा रहा था.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खोते हुए सामने से आ रही दोनों बाइकों को रौंद दिया.

सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

close