रीवा में शिक्षक के घर डकैती, फायरिंग कर भागे पांच नकाबपोश बदमाश; टीआई कमलेश साहू की कार्रवाई से असंतुष्ट शिक्षक

रीवा: जिले के जवा थाना अंतर्गत बरौली ठकुरान गांव में अपराधियों ने पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए एक शिक्षक के घर को निशाना बनाया. 6 फरवरी को शादी समारोह से लौटे परिवार के सामने ही पांच नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग की और लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए. इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
विरोध करने पर की फायरिंग
शिकायत कर्ता शासकीय स्कूल गढ़ी में पदस्थ शिक्षक रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी है. 6 फरवरी की रात करीब 1:45 बजे परिवार सहित रीवा से एक कार्यक्रम से लौटे थे. जैसे ही उन्होंने घर के गेट का ताला खोला, अंदर से दो नकाबपोश बदमाश बाहर निकले. शिक्षक ने जब शोर मचाया तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी. घर के बाहर पहले से ही तीन अन्य बदमाश दो बाइको पर सवार होकर घात लगाए बैठे थे. फायरिंग के बाद पांचों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर चंपत हो गए.
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे. चोरों ने घर में रखे सोने का हार, चार अंगूठियां, चेन, हीरे का लॉकेट, झुमकी, नथिया, सोने का ब्रेसलेट और चांदी के भारी जेवरातों सहित मोटी नकदी पर हाथ साफ कर दिया है. मामले में पीड़ित शिक्षक ने जवा पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है.
उन्होंने रीवा एसपी कार्यलय में आकर गुहार लगाई है कि जवा थाना प्रभारी और एसडीओपी डभौरा के अलावा किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी से इस मामले की जांच कराई जाए. पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा था, लेकिन अभी तक लूट का माल बरामद नहीं हुआ है और न ही मुख्य आरोपियों का पता चला है. पीड़ित परिवार ने अपनी जान का खतरा बताते हुए कड़ी सुरक्षा और न्याय की मांग की है.











