पूर्व कप्तान अजहरुद्दीन ने इमरान खान की बिगड़ती सेहत पर जताई चिंता

पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व क्रिकेटर और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की लगातार खराब होती सेहत को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता बढ़ गई है। हाल ही में खबर आई थी कि इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में सही इलाज न मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की करीब 85 फीसदी रोशनी खो दी है। इस पर कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर उनके लिए उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियों की मांग की है।

पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी इमरान की सेहत को लेकर चिंता जताई और कहा कि उन्हें सम्मान के साथ पेश आना चाहिए। अजहरुद्दीन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि क्रिकेट में उन्होंने इमरान के साथ कई पल साझा किए हैं और अब अपील है कि उन्हें सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दी जाए। उन्होंने इमरान और उनके परिवार के लिए दुआ भी की।

टीम इंडिया के अन्य पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इमरान खान के उचित इलाज की मांग का समर्थन किया। गांगुली ने कहा कि इमरान ने पाकिस्तान के लिए कप्तान और प्रधानमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी सेहत का ध्यान रखा जाना चाहिए।

इससे पहले सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत दुनियाभर के 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से पत्र लिखकर जेल में बंद इमरान खान के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बेहतर इलाज और सम्मानजनक परिस्थितियों की मांग की थी। पत्र में 73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर के लिए पारदर्शी कानूनी प्रक्रियाओं और उचित चिकित्सा सुविधा की भी अपील की गई।

इमरान खान को साल 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी और तब से उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com