पूर्व कांग्रेस नेता ने फांसी लगाकर दी जान: जेल से बाहर आने के कुछ दिन बाद उठाया आत्मघाती कदम, जांच में जुटी पुलिस

गौठान परिसर में मिला शव
कांकेर शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में मंगलवार सुबह पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से बाहर आए थे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे के मामले में गए थे जेल
जानकारी के मुताबिक, कुछ महीने पहले कोदागांव इलाके में हुए एक सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत हो गई थी। आरोप था कि नवाज अली की कार की टक्कर से पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा था। हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिजनों और करीबियों से पूछताछ जारी
पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।











