विदेशी मुद्रा के नाम पर 19 लाख की ठगी का खुलासा, पश्चिम बंगाल से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने विदेशी मुद्रा के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (38) को पकड़कर उसके पास से 4.50 लाख रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा क्षेत्र के रहने वाले हरदीप सिंह होरा ‘ट्रैवल प्लानर’ नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का कारोबार करते हैं। एक मार्च को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग की बात कही।

बातचीत के दौरान आरोपी ने अगले दिन भुगतान करने की बात कही और दो मार्च को पीड़ित को करेंसी टावर स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में मिलने के लिए बुलाया। उसने पीड़ित से 18 हजार अमेरिकी डॉलर और दो हजार पाउंड लेकर आने को कहा, ताकि उसका भाई भारतीय मुद्रा में भुगतान कर सके।

निर्धारित समय पर जब पीड़ित वहां पहुंचा तो आरोपी का एक साथी नोट गिनने की मशीन लाने के बहाने बाहर चला गया। इसी दौरान आरोपी ने पीड़ित को बातचीत में उलझाकर विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया। इसके बाद एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मिली। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दबिश दी और प्रोसेनजित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close