शहडोल में ट्रक से 1.13 करोड़ का गांजा जब्त, तस्करी का तरीका देख पुलिस भी रह गई हैरान

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बहुत ही चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। यहां जयसिंहनगर थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गांजे की तस्करी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मशहूर साउथ फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर तस्करों ने एक बड़े से ट्रक के अंदर खास सीक्रेट चैंबर बना रखा था, ताकि किसी को जरा सा भी शक न हो।

ओडिशा से यूपी भेजा जा रहा था गांजे का बड़ा जखीरा

गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने ट्रक की बॉडी को काटकर केबिन के ठीक पीछे एक छिपा हुआ सीक्रेट चैंबर तैयार कराया था। तस्करों का प्लान छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से होकर आगे निकलने का था, लेकिन नो एंट्री मिलने की वजह से उन्होंने रास्ता बदला और शहडोल होते हुए यूपी जाने की फिराक में थे।

नाकाबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को खदेड़कर दबोचा

चेकिंग के दौरान जब जयसिंहनगर पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर चालक से पूछताछ शुरू की, तो उसकी हरकतें अजीब लगने लगीं। पुलिस को अपने पास आते देख चालक ने कट मारकर ट्रक भगाने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत चारों तरफ नाकाबंदी करके घेराबंदी की और उन्हें धर दबोचा। जब ट्रक के सीक्रेट केबिन को खोला गया तो अंदर 18 बोरियों में भरे 81 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

जब्त गांजे और ट्रक की कीमत 1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा

पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजे की बाजार में कीमत करीब 73 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रहे 40 लाख रुपये के बड़े ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इस तरह जब्त किए गए गांजे और गाड़ी की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

यूपी और झारखंड के रहने वाले हैं दोनों गिरफ्तार आरोपी

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रक चालक राहुल विश्वकर्मा निवासी आजमगढ़ और खलासी नारायण मंडल निवासी गिरिडीह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि इस काले कारोबार के पीछे और कौन-कौन बड़े तस्कर शामिल हैं।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close